29 अक्टूबर को रखा जाएगा व्रत, पति की लंबी उम्र की कामना के साथ महिलाएं करेंगी चंद्रमा की पूजा
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के लिए मनाया जाने वाला करवा चौथ का पर्व इस बार 29 अक्टूबर, गुरुवार को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर दीवानगंज के हॉट बाजार में रविवार को रौनक बढ़ने लगी है। रविवार को हाट बाजार में खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ नजर आई। महिलाएं करवा चौथ की पूजा सामग्री, साड़ी और सोलह श्रृंगार का सामान खरीदने बाजार पहुंच रही हैं। मनिहारी और साड़ी की दुकानों पर महिलाओं की अच्छी-खासी चहल-पहल देखने को मिल रही है। त्योहार नजदीक आने के साथ ही बाजार में उत्साह का माहौल है।
करवा चौथ सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखने वाला पर्व है। इस दिन महिलाएं पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखती हैं। सुबह सूर्योदय से पहले सरगी ग्रहण करने के बाद व्रत की शुरुआत होती है। महिलाएं दिनभर बिना अन्न-जल ग्रहण किए उपवास रखती हैं और शाम को विधि-विधान से भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश तथा करवा माता की पूजा-अर्चना कर व्रत कथा सुनती हैं।
शाम को पूजा के बाद करेंगी चंद्र दर्शन
करवा चौथ पर महिलाओं को चंद्रमा के निकलने का इंतजार रहता है। चंद्रोदय के बाद महिलाएं चंद्रमा को अर्घ्य देकर पूजा करती हैं और छलनी से चंद्र दर्शन करने के बाद पति का चेहरा देखती हैं। इसके बाद पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत का पारण करती हैं। इस परंपरा को दांपत्य प्रेम, विश्वास और अटूट सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है।
कार्तिक माह में त्योहारों की रहेगी धूम
कार्तिक माह में करवा चौथ के बाद दीपावली, छठ पूजा, भाई दूज, देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह जैसे प्रमुख त्योहार भी मनाए जाएंगे। ऐसे में आगामी दिनों में बाजारों में खरीदारी और धार्मिक आयोजनों की रौनक बढ़ने की उम्मीद है। करवा चौथ से शुरू होने वाला त्योहारों का यह सिलसिला पूरे माह श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बनाए रखेगा।