– तारकेश्वरी कॉलोनी में बंद घर पर ठोका मीटर, विरोध के बाद भी नहीं रुके कर्मचारी
– बिजली कंपनी पर दादागिरी का आरोप, अधिकारी झाड़ रहे पल्ला
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शहर में बिजली कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं के घरों पर जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाने का आरोप लग रहा है। मीटर लगाने वाले ठेकेदार के कर्मचारियों की दादागिरी से उपभोक्ताओं में नाराजगी है, जबकि बिजली कंपनी के अधिकारी पल्ला झाड़ रहे हैं।

बीते रोज शिवपुरी शहर की तारकेश्वरी कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाने वाले ठेकेदार के कर्मचारी ने ऐसे घर के बाहर मीटर लगा दिया, जिसके शटर में ताला लगा हुआ था। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध भी दर्ज कराया तथा ठेकेदार एवं बिजली कंपनी के जिम्मेदारों से बात कराने के लिए भी कहा, लेकिन मीटर लगाने वाले अपना काम करते रहे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली कंपनी पहले ही उपभोक्ताओं से कई तरह के टैक्स लगाकर मनमानी राशि के बिजली बिल वसूल रही है, जिसे ईमानदार उपभोक्ता हर महीने जमा भी कर रहे हैं। अब उन्हीं उपभोक्ताओं के घरों पर स्मार्ट मीटर लगाकर परेशान किया जा रहा है, जबकि जिन क्षेत्रों में बिना बिल दिए बिजली चोरी हो रही है, उन क्षेत्रों में ठेकेदार जाने की हिम्मत नहीं करता।