– 201 लीटर देसी मदिरा और 25000 किलो लहान जब्त, करैरा में जेसीबी से तोड़ीं भट्टियां
– आबकारी, पुलिस और राजस्व की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप, करैरा ब्लॉक में एक दर्जन प्रकरण
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले में अवैध शराब के निर्माण और विक्रय के खिलाफ प्रशासन का विशेष अभियान लगातार जारी है। आबकारी, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 30 से ज्यादा मामले दर्ज किए हैं। इस दौरान 201 लीटर देसी मदिरा और 25 हजार किलोग्राम लहान जब्त किया गया है।
विभाग के अनुसार कार्रवाई करैरा, अमोला, बैराड़, सिरसौद, पोहरी, पिछोर सहित कई स्थानों पर की गई। अकेले करैरा ब्लॉक में ही एक दर्जन से ज्यादा अवैध शराब के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। मौके से आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से शराब के अलावा शराब बनाने की सामग्री और भट्टियां भी जब्त की गई हैं। जहां अवैध रूप से शराब बनाई जा रही थी, वहां जेसीबी मशीन से भट्टियों और ठिकानों को ध्वस्त किया गया।
करैरा ब्लॉक के आबकारी उप निरीक्षक तीर्थराज भारद्वाज ने बताया कि सागर जिले में हुई जहरीली शराब की घटना के बाद से जिला प्रशासन अलर्ट पर है। कलेक्टर के निर्देश पर पूरे जिले में सघन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हमारे करैरा ब्लॉक के अवैध शराब के अड्डों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
इस संयुक्त कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। करैरा ब्लॉक के एसडीएम अनुपम शर्मा ने ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।