– सुपोषण भारत अभियान के अंतर्गत ग्राम रायचंद खेड़ी एवं ईटमा में सुपोषण जागरूकता गोष्ठी का हुआ आयोजन
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
सेवा भारती शिवपुरी द्वारा सुपोषण भारत अभियान के अंतर्गत ग्राम रायचंद खेड़ी एवं इटवा में सुपोषण जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवा भारती जिला अध्यक्ष यशपाल रावत, जिला सचिव जयंत बक्षी, जिला सह-सचिव उत्तम सिंह कुशवाहा तथा विभाग समन्वयक अर्जुन सिंह दांगी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
गोष्ठी में उत्तम सिंह कुशवाहा ने ग्रामवासियों को सुपोषण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। यदि हम अपने दैनिक खान-पान में आवश्यक सुधार करें और पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करें, तो अनेक बीमारियों से बचाव करते हुए अपने जीवन को स्वस्थ एवं खुशहाल बना सकते हैं।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष यशपाल रावत ने ग्रामवासियों से नशे जैसी बुराइयों को त्यागकर नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं नशामुक्त रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने का प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों द्वारा मंदिर परिसरों में किसी भी प्रकार का नशा नहीं करने तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर श्री कमल जी पाल, ग्राम के सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को सुपोषण, स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।