शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन के लिए गणेश समितियों एवं जनप्रतिनिधियों को जारी दिशा-निर्देशों से कराया गया अवगत
सुरेंद्र जैन धरसींवा
आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना तिल्दा-नेवरा परिसर में आज पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (विधानसभा) श्री वीरेंद्र चतुर्वेदी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री कोठारी, थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी एवं तहसीलदार तिल्दा की उपस्थिति में गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्यगण, नगरपालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, सरपंच, कोटवार तथा पत्रकारगण शामिल हुए।
बैठक में शासन, प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा गणेश उत्सव आयोजन के संबंध में जारी सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों एवं गाइडलाइन से उपस्थितजनों को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।

पुलिस एवं प्रशासन द्वारा गणेश समितियों को निर्देशित किया गया कि आयोजन के दौरान कानून एवं व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, ध्वनि सीमा, जुलूस एवं विसर्जन व्यवस्था तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि न की जाए, जिससे आमजन को परेशानी हो अथवा शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव आस्था, श्रद्धा एवं सामाजिक सौहार्द का पर्व है। अतः सभी समितियां प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर जिम्मेदारीपूर्वक आयोजन करें तथा सनातन की गरिमा बनाये रखें किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणेश समितियों द्वारा पुलिस एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने तथा शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।
तिल्दा-नेवरा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।