ब्रेक फेल होने से रेलिंग से टकराकर रुका ट्रक, 20 फीट गहरी खाई में गिरने से बचा
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर शुक्रवार को बालमपुर घाटी में उस समय जाम की स्थिति बन गई, जब चढ़ाई पर दो ट्रक एक साथ फंस गए। इसी दौरान पहले से घाटी पर पीछे रिवर्स होते हुए रेलिंग से टकराकर रुका एक अन्य ट्रक भी वहीं खड़ा था। इस तरह एक ही स्थान पर तीन ट्रक फंसने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार चढ़ाई चढ़ते समय एक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे। पीछे रिवर्स होते हुए ट्रक लोहे की रेलिंग से जा टकराया और रुक गया। गनीमत रही कि ट्रक रेलिंग तोड़कर करीब 20 फीट गहरी खाई में नहीं गिरा, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
जाम के दौरान एक ट्रक को काफी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे नीचे उतारा गया। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका। दिनभर बालमपुर घाटी पर बार-बार जाम की स्थिति बनती रही, जिससे जीप, कार, बस और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

हादसों का केंद्र बन चुकी है बालमपुर घाटी
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 की बालमपुर घाटी इन दिनों हादसों की घाटी बन चुकी है। यहां हर दो-तीन दिन में दुर्घटनाएं होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले भी कई ट्रक घाटी से नीचे करीब 20 फीट गहरी खाई में पलट चुके हैं, जिनमें कई लोग घायल हो चुके हैं।
इसके बावजूद घाटी पर सुरक्षा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं और बार-बार लगने वाले जाम के कारण वाहन चालकों में भय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से घाटी की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।