मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में शुक्रवार और शनिवार को हुई झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। पिछले कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को आखिरकार राहत मिली, जिससे धान की रोपाई का कार्य तेज हो गया। वहीं बारिश के चलते क्षेत्र में पड़ रही उमस भरी गर्मी से भी लोगों को काफी हद तक राहत मिली।
बारिश नहीं होने के कारण धान की रोपाई लगभग ठप हो गई थी और जिन किसानों ने पहले रोपाई कर दी थी, उनकी फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई थी। लेकिन दो दिनों की अच्छी बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त पानी भर गया है। किसान अब पूरे उत्साह के साथ धान की रोपाई में जुट गए हैं और खेतों में मजदूरों की चहल-पहल फिर से दिखाई देने लगी है।
किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी नियमित बारिश होती रही तो धान की फसल अच्छी होने की उम्मीद है। हालांकि वे अभी भी मानसून की निरंतरता को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि खेती पूरी तरह बारिश पर निर्भर है।

बारिश के कारण बाजारों और सड़कों पर भी मौसम सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से परेशान लोगों ने राहत महसूस की। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश से जहां किसानों को नई उम्मीद मिली है, वहीं मौसम भी खुशगवार हो गया है।
किसानों की उम्मीदें फिर जगीं
लगातार बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह बारिश किसी संजीवनी से कम नहीं है। खेतों में रोपाई का कार्य तेज होने के साथ ग्रामीण अंचलों में खेती-किसानी का माहौल फिर से लौट आया है। अब सभी की निगाहें आने वाले दिनों की बारिश पर टिकी हैं, ताकि खरीफ सीजन की फसल बेहतर हो सके।