सी के पारे
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलप,मेंट अथॉरिटी (एमआरडीए) के गठन की तैयारियों ने प्रदेश के विकास को नई दिशा देने की उम्मीद जगा दी है। इस महत्वाकांक्षी पहल से भोपाल, रायसेन और सीहोर सहित 12 जिलों के 5,300 से अधिक गांवों को लाभ मिलने की संभावना है।
योजना के तहत सड़क, पेयजल, परिवहन, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलने से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। बताया जा रहा है कि परियोजना के सुचारू संचालन के लिए सैकड़ों नए पदों का सृजन भी किया जा सकता है।
राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संतुलित एवं सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री स्तर पर इसकी नियमित समीक्षा किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि यह योजना तय समयसीमा में लागू होती है, तो आने वाले वर्षों में मध्य प्रदेश का यह क्षेत्र प्रदेश के सबसे विकसित क्षेत्रों में शामिल हो सकता है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे विकास और रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।