– चुनाव आयोग व भाजपा के खिलाफ जताया विरोध
– गैरतगंज और देहगांव ब्लॉकों में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं का एकदिवसीय प्रदर्शन
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज एवं देहगांव ब्लॉकों में बुधवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा उम्मीदवार सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं उपवास आयोजित किया। प्रदर्शन के दौरान चुनाव आयोग और केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया गया।
गैरतगंज में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट संजीव राय के नेतृत्व में बस स्टैंड स्थित ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय पर धरना दिया गया, जबकि देहगांव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में भी इसी मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
संजीव राय बोले – लोकतांत्रिक मूल्यों पर किया जा रहा प्रहार
धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट संजीव राय ने आरोप लगाया कि राज्यसभा उम्मीदवार सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए तथा विपक्षी दलों को समान अवसर मिलना चाहिए। राय ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं और इससे लोकतंत्र की निष्पक्षता प्रभावित होती है।
शाहिद अंसारी ने भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
वरिष्ठ कांग्रेस नेता शाहिद अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यसभा उम्मीदवार का नामांकन निरस्त कर राजनीतिक दुर्भावना का परिचय दिया गया है। अंसारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
एकदिवसीय धरना एवं उपवास कार्यक्रम में कांग्रेस प्रवक्ता सुनील प्रकाश श्रीवास्तव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता खेमचंद चौरसिया, फूल सिंह पटेल, मोहन जाटव, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अरशद अंसारी, अशोक व्यास, किसान कांग्रेस अध्यक्ष मेवाराम कुशवाहा, एडवोकेट सूर्य प्रकाश सोनी, अभिषेक यादव, एनएसयूआई अध्यक्ष अमित राय, साबिर मंसूरी, कैलाश राय सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।