इंदौर के सबसे अमीर विनोद अग्रवाल को अयोध्या में मिली 20 करोड़ की जमीन, राम भक्तों की सुविधा के लिए होगा यह काम
इंदौर। श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में विकास कार्यों के लिए शासकीय स्तर पर भूमि आवंटन का प्रथम चरण पूरा हो चुका है। इसमें शहर के उद्योगपति व समाजसेवी विनोद अग्रवाल के बालाजी सेवार्थ को 20 करोड़ रुपये की भूमि का आवंटन किया गया है। इस भूमि पर तीर्थयात्रियों की सुविधा और सेवा के लिए 75 हजार वर्गफीट में सामुदायिक भवन व अन्य निर्माण कार्यों की योजना है। भूमि आवंटन मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट नव्य अयोध्या भव्य अयोध्या के अंतर्गत ग्रीनफील्ड आवासीय योजना के पहले चरण के तहत किया गया है।
इसके तहत कुल 1407 एकड़ भूमि का विकास किया जाएगा। योजना के अनुसार ग्रुप हाउसिंग से लेकर अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं, विभिन्न राज्यों, कमर्शियल एरिया और मठ एवं धर्मशालाओं के लिए भूमि आवंटित की जाएगी। दुनियाभर से लोगों ने इसके लिए आवेदन किए थे, जिसमें से प्रथम चरण के अंतर्गत बालाजी सेवार्थ को चुना गया है।