शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
बच्चों की शिक्षा पर सरकार द्वारा विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इसको लेकर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त महिला एवं बाल विकास विभाग को भी इस अभियान में जुटा दिया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग बेगमगंज एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में “समर कैम्प 2026 : स्कूल की तैयारी” अभियान के अंतर्गत आज बेगमगंज परियोजना की सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में “स्कूल रेडीनेस मेला” आयोजित किया जाएगा।
इससे पूर्व परियोजना अधिकारी संगीता राठौर, सुपरवाइजर अनीता बाथरे एवं मास्टर ट्रेनर शुभम पटेल द्वारा बेगमगंज परियोजना के सभी 6 सेक्टर — बेगमगंज शहरी, बेगमगंज ग्रामीण, मरखेड़ा टप्पा, तुलसीपार, वीरपुर एवं सुल्तानगंज की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है।यह अभियान 5 से 6 वर्ष के बच्चों को कक्षा-1 के लिए मानसिक, भाषाई एवं शैक्षणिक रूप से तैयार करने के लिए चलाया जा रहा है।
मेले में खेल-खेल के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता के साथ उनका बौद्धिक स्तर का भी आकलन किया जाएगा एवं माताओं को घर पर बच्चों के साथ गतिविधियां संचालित कराने के लिए मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
“समर कैम्प 2026 : स्कूल की तैयारी” अभियान आंगनवाड़ी से स्कूल तक के बच्चों के सफर को आसान, रोचक एवं आनंदमय बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसमें बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि पैदा होगी और उनका शिक्षा केंद्रों से लगाव बढ़ेगा ।