एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कोड़ेनार बास्तानार के प्राचार्य लगातार चौथी बार “बेस्ट प्रिंसिपल अवार्ड” से सम्मानित
सुरेन्द्र जैन
बस्तर। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) कोड़ेनार , विकासखंड बास्तानार, जिला बस्तर के प्राचार्य श्री जी. शिवा रेड्डी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, समर्पण एवं नवाचारपूर्ण कार्यों के लिए इंडियन टैलेंट ओलंपियाड (Indian Talent Olympiad), नवी मुंबई द्वारा “Best Principal Award 2025-26” से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन्हें शिक्षा के उन्हें अविस्मरणीय योगदान के लिए लगातार चौथी बार दिया जा रहा है|
यह प्रतिष्ठित सम्मान विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तथा उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया। यह उपलब्धि न केवल EMRS कोड़ेनार, बल्कि संपूर्ण बस्तर एवं छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर प्राचार्य जी. शिवा रेड्डी ने अत्यंत विनम्रता के साथ कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि विद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी, शिक्षक, कर्मचारी एवं अभिभावकों की सामूहिक मेहनत, समर्पण और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने इस पुरस्कार को अपने विद्यार्थियों की अथक लगन, कठिन परिश्रम और विद्यालय परिवार के समर्पित स्टाफ को समर्पित करते हुए कहा कि किसी भी संस्था की वास्तविक पहचान उसके विद्यार्थियों की उपलब्धियों से होती है।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल पुरस्कार प्राप्त करना नहीं, बल्कि एकलव्य विद्यालयों (EMRS/NESTS) की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना तथा बस्तर अंचल के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बस्तर के विद्यार्थी अवसर और उचित मार्गदर्शन मिलने पर किसी भी क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर सकते हैं।

प्राचार्य श्री रेड्डी ने आगे कहा कि आने वाले समय में विद्यालय में विज्ञान, प्रौद्योगिकी (Technology), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, खेलकूद, गणित, नवाचार, ओलंपियाड प्रतियोगिताओं, अनुसंधान, व्यक्तित्व विकास तथा नैतिक शिक्षा पर विशेष बल दिया जाएगा, ताकि यहां के विद्यार्थी वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।
उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि बस्तर के विद्यार्थी भारत के श्रेष्ठ वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी, खिलाड़ी, शोधकर्ता, उद्यमी एवं नवप्रवर्तक बनें तथा पूरे देश और विश्व में छत्तीसगढ़ एवं बस्तर का गौरव बढ़ाएं। उन्होंने यह भी कहा कि विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा सबसे बड़ी शक्ति है और आज के विद्यार्थी ही कल के राष्ट्रनिर्माता हैं।
विद्यालय परिवार ने इस सम्मान को पूरे संस्थान के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि प्राचार्य श्री जी. शिवा रेड्डी के नेतृत्व में EMRS कोड़ेनार भविष्य में भी शिक्षा, खेल, विज्ञान, नवाचार और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ हासिल करेगा तथा बस्तर के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ITO इंडियन टैलेंट ओलम्पियाड के द्वारा विद्यालय को देश में गोल्डन श्रेणी में रखा गया। विद्यालय की छात्रा हेमकुमारी बघेल ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया और छात्र हिमांशु भारद्वाज ने राज्य में 17 वां स्थान प्राप्त किया। साथ ही बेहतर प्रदर्शन के लिए विद्यालय के शिक्षक श्री विजय कुमार तिवरी,सुश्री सुमादिनी बर्मन,श्रीमती कल्पना द्विवेदी, श्री अनिल कुमार, श्री राहुल चौधरी को भी प्रमाण पत्र दिया गया।