सी के पारे
भोपाल ।नगर निगम शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रहा है। नगर निगम ने कोलार क्षेत्र में शहर का पहला सरकारी डॉग शेल्टर बनाने की घोषणा की है। यह आधुनिक केंद्र करीब एक एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा, जहां लगभग 2000 आवारा कुत्तों को रखने की सुविधा होगी।
नगर निगम के अनुसार, इस शेल्टर का उद्देश्य सिर्फ आवारा कुत्तों को पकड़ना नहीं बल्कि उनकी देखभाल, नसबंदी, टीकाकरण और पुनर्वास की व्यवस्था करना भी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद निगम ने यह पहल शुरू की है, ताकि शहर में बढ़ रहे डॉग अटैक और रेबीज जैसी समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सके।
शहर के स्कूल, अस्पताल और भीड़भाड़ वाले इलाकों को “नो-डॉग जोन” के रूप में प्राथमिकता दी जाएगी। निगम का कहना है कि इस योजना से नागरिकों को राहत मिलेगी और सार्वजनिक स्थान ज्यादा सुरक्षित बन सकेंगे।
भोपाल में लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर लोग शिकायत करते रहे हैं। ऐसे में नगर निगम की यह पहल शहर के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।