सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
साँची विधानसभा क्षेत्र के गैरतगंज ब्लाक मुख्यालय में अनुसूचित जाति वर्ग की छात्राओं के लिए 50 सीटर जूनियर कन्या छात्रावास भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए मध्यप्रदेश शासन ने 5 करोड़ रुपये (500.02 लाख) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह स्वीकृति साँची विधायक, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी की अनुशंसा एवं लगातार किए गए प्रयासों के बाद मिली है।
प्रस्तावित छात्रावास के निर्माण से गैरतगंज एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को सुरक्षित, सुविधायुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। इससे दूर-दराज़ के गांवों की बेटियों को शिक्षा जारी रखने में सुविधा मिलेगी तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार यह सुविधा छात्राओं के स्कूल छोड़ने की समस्या को कम करने और उच्च शिक्षा के प्रति उन्हें प्रोत्साहित करने में भी सहायक होगी। विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने इस स्वीकृति पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के मंत्री नागर सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और सामाजिक उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जनहित के निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि यह छात्रावास क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटियों के सपनों को नई उड़ान देगा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि साँची विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, आधारभूत संरचना एवं जनकल्याण से जुड़े विकास कार्य निरंतर जारी हैं और भविष्य में भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास जारी रहेंगे। डॉ. चौधरी ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने लगातार क्षेत्र के विकास की श्रृंखला में विधायक के सराहनीय प्रयासों पर खुशी जाहिर करते हुए उनके प्रति आभार जताया है।