मनोज बैरागी सरदारपुर धार
सरदारपुर नगर क्षेत्र पिछले कुछ समय से मानसून की बेरुखी और बारिश नहीं होने के कारण क्षेत्र के किसानों में भारी मायूसी देखी जा रही है। सूखे के इस संकट और फसलों पर मंडराते खतरे को देखते हुए आज रविवार को स्थानीय यादव समाज द्वारा एक सराहनीय और आस्था से ओतप्रोत पहल की गई। समाज के लोगों ने एकत्रित होकर पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आषाढ़ी माता का विशेष पूजन-अर्चन किया।
इस धार्मिक अनुष्ठान में समाज की एकजुटता देखते ही बन रही थी। पूजन में न केवल बुजुर्गों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, बल्कि बच्चों और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने माता रानी के दरबार में माथा टेककर क्षेत्र में जल्द से जल्द अच्छी बारिश होने की कामना की।
किसानों के चेहरे पर लौटेगी मुस्कान, व्यापार में आएगी रौनक
पूजा के दौरान समाज के वरिष्ठ जनों ने कहा कि कृषि हमारे क्षेत्र की जीवनरेखा है। यदि समय पर बारिश नहीं हुई तो किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। किसानों की खुशहाली सीधे तौर पर नगर के व्यापारियों से भी जुड़ी है; जब फसल अच्छी होगी, तभी नगर के बाजार में भी रौनक लौटेगी। इसी उद्देश्य से आषाढ़ी माता से प्रार्थना की गई है कि वे जल्द ही अमृत रूपी जल बरसाएं ताकि सूखी धरती की प्यास बुझ सके।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस सामूहिक प्रार्थना के बाद अब नगरवासियों और किसानों को उम्मीद है कि माता रानी उनकी पुकार जल्द सुनेंगी और क्षेत्र में खुशहाली की बारिश होगी।
इनका कहना हे
“जब तक किसान खुशहाल नहीं होगा, तब तक नगर का व्यापार आगे नहीं बढ़ सकता। हमने माता रानी से यही मन्नत मांगी है कि झमाझम बारिश हो, जिससे हमारे अन्नदाता के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आए।”
यादव समाज के प्रतिनिधि नवीन यादव