सर्किट हाउस रोड 25 दिन से खुदी पड़ी, पीडब्ल्यूडी -नगर पालिका विवाद में जनता परेशान, कलेक्टर से सुधार की मांग
– पाइपलाइन के लिए पीडब्ल्यूडी की सड़क खोद दी, लाखों का नुकसान, शिकायत के बाद भी सुधरी नहीं सड़क
– जनता पूछ रही- जब सड़क पीडब्ल्यूडी की है और खोदी नगर पालिका ने है, तो इसे सुधरेगा कौन?
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी शहर की सर्किट हाउस रोड पर पिछले 25 दिन से हालात बदतर हैं। पीडब्ल्यूडी की इस सड़क को नगर पालिका ने रातों-रात चोरी छिपे पाइपलाइन बिछाने के लिए बिना अनुमति खोद दिया। खुदी पड़ी सड़क राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है।
पीडब्ल्यूडी ने नगर पालिका पर बिना अनुमति सड़क खोदने का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। विभाग का कहना है कि इससे पीडब्ल्यूडी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीडब्ल्यूडी ने नगर पालिका को पत्र लिखकर आपत्ति भी दर्ज कराई, लेकिन 25 दिन बीतने के बाद भी न तो सड़क सुधारी गई और न ही पुलिस ने कोई कार्रवाई की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। जनता पूछ रही है कि जब सड़क पीडब्ल्यूडी की है और खोदी नगर पालिका ने है, तो इसे सुधरेगा कौन? खुदी सड़क पर गड्ढों के कारण वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
नाराज लोगों ने कलेक्टर अर्पित वर्मा से मांग की है कि सड़क को जल्द सुधरवाया जाए ताकि लोगों को परेशानी से निजात मिल सके। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए और तय करना चाहिए कि सड़क सुधार की जिम्मेदारी किसकी है।