मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
लंबे इंतजार के दीवानगंज क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई। कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण किसान चिंता में थे, लेकिन तेज बारिश ने किसानों के चेहरों पर फिर से रौनक ला दी। बारिश शुरू होते ही खेतों की ओर किसानों का रुख बढ़ गया और धान की रोपाई की तैयारियां तेज हो गईं।
क्षेत्र के किसान पिछले कई दिनों से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे। आसमान में बादल तो रोज छा रहे थे, लेकिन बिना बरसे लौट जाते थे। इससे धान की फसल को लेकर किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही थी। कई किसानों ने ट्यूबवेल के पानी से खेत तैयार किए थे, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से रोपाई प्रभावित हो रही थी।

गुरुवार शाम हुई तेज बारिश ने किसानों को बड़ी राहत दी। खेतों में पानी भरने से अब धान की रोपाई में तेजी आने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह नियमित बारिश होती रही तो खरीफ फसलों की पैदावार अच्छी रहेगी।
बारिश के कारण मौसम भी सुहावना हो गया। लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। बच्चों और युवाओं ने बारिश का आनंद लिया, जबकि बाजारों में कुछ समय के लिए चहल-पहल कम हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह बारिश खेती के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
कृषि जानकारों के अनुसार समय पर हुई यह बारिश धान सहित अन्य खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। यदि मानसून की रफ्तार इसी तरह बनी रही तो इस वर्ष अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ जाएगी।