रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
औद्योगिक नगर मंडीदीप में सेवा समिति द्वारा मंगलवार को भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती को समरसता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें कृतज्ञतापूर्वक नमन किया।

सेवा समिति के सचिव अमित जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि समिति द्वारा बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती पर उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने समाज के गरीब, वंचित और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
उन्होंने संविधान निर्माता के रूप में देश को ऐसा संविधान दिया, जिसके कारण आज हर नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्राप्त हुए हैं। यही कारण है कि आज हम अपने हक और अधिकारों की आवाज बुलंद कर सकते हैं। उन्होंने सभी से बाबा साहेब के पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर कराते प्रशिक्षक अमन पात्रे, राकेश जैन सहित सेवा समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।