गणगौर मेले में उमड़ा उत्साह, महिलाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
रजनी खेतान इंदौर
अग्रवाल समाज हाइवे क्षेत्र द्वारा पारंपरिक उत्सव गणगौर के उपलक्ष्य में भव्य गणगौर मेले का आयोजन किया गया। इस आयोजन में विशेष रूप से वैश्य समाज की युवतियों एवं महिलाओं के लिए विविध सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रमों का संयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने मेले को सफल और यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की संयोजक संगीता अरविंद बागड़ी, सरिता बागड़ी एवं ज्योति अग्रवाल रहीं, जबकि मेला स्टॉल की जिम्मेदारी निधि बागड़ी ने संभाली। मेले में पारंपरिक “बाना” निकाला गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया और वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम में “बनी ठनी 16 श्रृंगार प्रतियोगिता” विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें प्रतिभागियों ने पारंपरिक राजस्थानी श्रृंगार की झलक प्रस्तुत की। वहीं “गणगौर दोहा सुनाओ” प्रतियोगिता ने सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया।
“ईसर-गणगौर बन के आए” थीम पर प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही “बिंजोरा सजाओ” एवं “आटे के गहने बनाओ” प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने अपनी सृजनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और मौके पर ही सुंदर गहनों का निर्माण कर सभी को प्रभावित किया।
मेले में आयोजित म्यूजिकल तम्बोला ने पूरे माहौल को आनंदमय बना दिया, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में वरिष्ठ पत्रकार रजनी खेतान, शारदा उपाध्याय , सुधा मालू ,लता गट्टानी एवं मिसेज जैन उपस्थित रहीं, जिन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन शशि एरन ने प्रभावी ढंग से किया, जबकि पूरे आयोजन के सूत्रधार अरविंद बागड़ी रहे।
यह आयोजन न केवल पारंपरिक संस्कृति को सहेजने का प्रयास रहा, बल्कि महिलाओं को एक मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने का भी सशक्त माध्यम बना।