शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
भारत सरकार द्वारा जनगणना 2027 कराए जाने के प्रथम चरण में मकान गणना सर्वे का कार्य तेजी से चल रहा है।समय पर गणना का कार्य पूरा करने वाले बेगमगंज नगर के 2 एवं ग्रामीण क्षेत्र से 6 कुल 8 प्रगणक कलेक्टर के द्वारा सम्मान पा चुके हैं।
प्रशासन की मंशानुरूप मप्र में प्रथम रहे रायसेन जिले का दबदबा बरकरार रहे इसको लेकर एसडीएम सौरभ मिश्रा द्वारा हाड़तोड़ मेहनत की जा रही है।जनगणना प्रथम चरण में मकानों के सर्वेक्षण में लगे सभी प्रगणकों की हौसलाअफजाई के लिए एसडीएम मिश्रा डोर -टू -डोर सघन दौरा करते हुए स्थल निरीक्षण कर गणना की समीक्षा कर रहे हैं।
एसडीएम सौरभ मिश्रा द्वारा नगर के चार्ज अधिकारी नगरपालिका सीएमओ राजेंद्र शर्मा के साथ नगरीय क्षेत्र में चल रही मकान जनगणना का औचक निरीक्षण करते हुए चिलचिलाती धूप में विषम परिस्थितियों में गणना में लगे कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया।
ग्रामीण क्षेत्र के चार्ज अधिकारी व तहसीलदार प्रमोद उइके के साथ ग्राम मरखण्डी एवं सुल्तानगंज क्षेत्र में चल रही मकान गणना का निरीक्षण कर जीवटता से जुटे कर्मचारियों के कार्य की प्रशंसा करते हुए। उनका सीघ्र काम पूर्ण करने के लिए उत्साहवर्धन किया।
एसडीएम सौरभ मिश्रा ने बताया कि हमारा प्रयास ये है कि मध्यप्रदेश में सबसे पहले रायसेन जिला जनगणना का प्रथम चरण पूर्ण कर ले और हमें कार्य में लगे अपने कर्मचारियों पर अटूट विश्वास है कि वो पूर्व की भांति इस बार भी अच्छा काम करके अग्रणी रहेंगे। बेगमगंज के 8 बेहतर प्रगणक कलेक्टर के द्वारा सम्मानित किए गए हैं।