मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
जनगणना कार्य की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिली। रायसेन एसडीएम मनीष शर्मा एवं तहसीलदार भरत सिंह मंडले ने सर्किल क्रमांक-3 दीवानगंज का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जनगणना से जुड़े रिकॉर्ड, प्रपत्रों की स्थिति, क्षेत्रीय सीमांकन तथा डोर-टू-डोर सर्वे की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूरी सटीकता, पारदर्शिता और समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
एसडीएम मनीष शर्मा ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सुपरवाइजर और पर्यवेक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर घर तक पहुंच सुनिश्चित करें और आंकड़ों का संकलन सही तरीके से करें।
इस मौके पर सुपरवाइजर मानसिंह यादव सहित पर्यवेक्षक अब्दुल नईम, वंदना पटेल, मनोज पवार और चंदन सिंह मौजूद रहे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्र की प्रगति की जानकारी अधिकारियों को दी।
निरीक्षण के बाद प्रशासन ने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में जनगणना कार्य को लेकर और भी सख्ती बरती जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति या परिवार गणना से छूट न सके।