बुरहानपुर। थाने में हमला कर तीन साथियों को छुड़ा ले जाने वाले साठ से ज्यादा अतिक्रमणकारियों को पकड़ने के लिए दूसरे दिन रविवार को पुलिस फोर्स पानखेड़ा गांव पहुंची है। पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा ने बताया कि अतिक्रमणकारी फूल सिंह का पानखेड़ा में बना मकान बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया है। यहां अतिक्रमण कर बनाए गए करीब ढाई सौ से ज्यादा कच्चे मकानों को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। इस काम में आठ बुलडोजर लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ये सभी मकान बंदूक लूटकांड और नेपानगर थाने में हमला करने वाले अतिक्रमकणकारियों ने वन भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए थे। ज्ञात हो कि शुक्रवार सुबह पांच बजे से कलेक्टर भव्या मित्तल और एसपी राहुल लोढ़ा ने नेपागन में डेरा डाल रखा है।
गुरुवार रात तीन बजे के आसपास अतिक्रमणकारियों ने नेपानगर थाने में हमला कर लाकअप में बंद हेमा मेघवाल सहित तीन साथियों को छुड़ा लिया था।
शनिवार को पुलिस ने सीवल गांव को छावनी बना दिया था। एक हजार से ज्यादा पुलिस जवानों की मौजूदगी में सीवल और चारणवाड़ी में अतिक्रमणकारियों के अठारह मकान बुलडोजर चलाकर ढहाए थे। इस कार्रवाई के बाद रविवार को भी सीवल गांव में सन्नाटा पसरा रहा। अधिकांश लोग घरों से बाहर नहीं निकले।
अतिक्रमण मुक्त हुई भूमि पर वन विभाग कराएगा पौधरोपण
सीवल और चारणवाड़ी में अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर वन विभाग पौधरोपण कराएगा। इसे लेकर पूरी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। डीएफओ अनुपम शर्मा ने बताया कि वहां उन प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे, जो तेजी से बढ़ते हैं। जिससे दोबारा लोग भूमि पर अतिक्रमण नहीं कर सकें। विभाग इन पौधों की देखभाल और सुरक्षा के उपाय भी करेगा। अन्य गांवों में भी जहां वन भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई जाएगी, उसे सुरक्षित किया जाएगा।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.