ओवरटेक करने के चक्कर में 50 बारातियों से भरी बस डिवाइडर पर चढ़ी, 50 मीटर तक घिसटती रही बस, बड़ा हादसा टला
रायसेन। सागर रोड टोल नाके के आगे मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब बारातियों से भरी तेज रफ्तार बस ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। बस की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह करीब 50 मीटर तक डिवाइडर पर चढ़ते हुए घिसटती चली गई, जिससे डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जो मंडीदीप से देवगांव के पास एक गांव में बारात लेकर जा रहे थे। हादसे के दौरान बस में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोल नाके के आगे क्रॉसिंग के पास ओवरटेक के दौरान चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
करीब डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद रात 9 बजे एक डंपर बुलाकर बस को टोचन से डिवाइडर से नीचे उतारा गया। इसके बाद सभी यात्री फिर से बस में सवार होकर बारात स्थल के लिए रवाना हुए।
अंधेरे ने बढ़ाया खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि सागर रोड के डिवाइडर पर लगे लाइट पोल लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे सड़क पर अंधेरा रहता है। यही वजह हादसे का एक बड़ा कारण भी मानी जा रही है।