मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भीषण गर्मी के बीच ग्राम पंचायत दीवानगंज ने सराहनीय पहल करते हुए गंगा संवर्धन योजना के अंतर्गत फैक्ट्री चौराहा, हाईवे 18 मां कर्मा रेस्टोरेंट की समीप राहगीरों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था शुरू की है।
सबसे पहले ग्राम पंचायत सरपंच गिरजेश नायक, सचिव रामप्रसाद मालवीय और ग्रामीणों ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। पंचायत द्वारा मटके रखवाए गए हैं, जिससे राहगीरों और आसपास के गांवों के ग्रामीणों को तपती गर्मी में राहत मिल सके।
अप्रैल माह में लगातार बढ़ते तापमान और लू के चलते आमजन का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में पंचायत की यह पहल न केवल मानव सेवा का उदाहरण बन रही है, बल्कि राहगीरों के लिए बड़ी राहत भी साबित हो रही है। विशेष रूप से हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों, मजदूरों और ग्रामीणों को इस व्यवस्था से ठंडा पानी आसानी से उपलब्ध हो पा रहा है।
स्थानीय लोगों ने पंचायत के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के इस दौर में यह पहल बेहद जरूरी और उपयोगी है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि इस तरह की व्यवस्था लगातार जारी रहे, तो कई लोगों को लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाया जा सकता है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि मटकों में नियमित रूप से साफ और ठंडा पानी भरवाया जा रहा है, साथ ही स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जरूरत पड़ने पर अन्य स्थानों पर भी ऐसी व्यवस्था बढ़ाई जाएगी।
गौरतलब है कि गंगा संवर्धन योजना के तहत जल संरक्षण और जनसेवा से जुड़े कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है, और दीवानगंज की यह पहल इसी दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।