बिलासपुर। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव कार्यक्रम का शुक्रवार को स्व. लखीराम अग्रवाल आडिटोरियम में एलईडी बोर्ड के ज़रिए सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की टाप 5 इकानामी में आ गया है, इसके पीछे भारत के युवाओं की ताकत हैं।
आज भारत दुनिया के टाप 3 स्टार्टअप इकोसिस्टम में आया है, आज भारत एक से बढ़कर एक इनोवेशन कर रहा है। रिकार्ड पेटेंट फाइल कर रहा है। मैन्युफैक्चरिंग हब बन रहा है। इसके पीछे युवाओं की ताकत है। युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह समय हर किसी को अपने जीवनकाल में एक सुनहरा अवसर जरूर देता है। भारत के युवाओं के लिए यह मौका अमृतकाल के रूप में सामने आया है।
युवाओं के पास इतिहास बनाने और इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने का मौका है। मैं आप सभी को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देता हूं। मुझे विश्वास है कि आपका सामर्थ्य व सेवाभाव देश और समाज को नई ऊंचाई पर ले जाएगी। आपका प्रयास और परिश्रम युवा भारत की शक्ति का परचम पूरी दुनिया में लहराएगा। सीधा प्रसारण कार्यक्रम में नगर निगम के उप नेता प्रतिपक्ष राजेश सिंह, प्रभारी निगम आयुक्त राकेश जायसवाल समेत अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहें।