नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि ठेकेदार कार्य में गुणवत्ता का ध्यान दे
अनुराग शर्मा सीहोर
शहर के अनेक वार्डों में सड़क निर्माण के अलावा पानी की निकासी सहित अन्य कार्य किए जा रहे है। गुरुवार को शहर के वार्ड क्रमांक नौ के विश्वनाथ पुरी स्थित हनुमान मंदिर के साथ सीसी सड़क के निर्माण कार्य का नगर पालिका के अध्यक्ष प्रिंस राठौर, रमेश वर्मा, पार्षद कमलेश राठौर, लोकेन्द्र वर्मा, मांगीलाल मालवीय सहित क्षेत्रवासियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान नपाध्यक्ष श्री राठौर ने कहा कि समय-समय पर शहर में हो रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की जाए, साथ ही यह भी सुनिश्चित किया कि कार्य निर्माता कंपनी द्वारा अपनी जिम्मेदारियों का पूर्णत: पालन किया जाए और अनुमानित समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। क्षेत्र के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। निर्देशित करते हुए कहा कि ठेकेदार कार्य करते समय उच्च गुणवत्ता पूर्ण कार्य करें। साथ ही नागरिकों का भी कर्तव्य बनता है वह निर्माण कार्यों में सहयोग प्रदान करें। शहर की सभी प्रभावित सभी सड़कों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। शहर को महानगर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है।