Let’s travel together.

शाला प्रवेश उत्सव’ में पहुंचे विधायक, नवप्रवेशी बच्चों का किया स्वागत

0 41

मेधावी छात्र सम्मानित; खौना के विकास के लिए 15 लाख की सौगात

एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

स्कूल परिसर में शेड और मुक्तिधाम निर्माण के लिए राशि की घोषणा

   सुरेंद्र जैन धरसींवा

धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खौना स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘शाला प्रवेश उत्सव’ का भव्य और गरिमामय आयोजन अत्यंत उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा शामिल हुए। स्कूल परिसर पहुंचने पर शाला परिवार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने विधायक का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

तिलक लगाकर और पुस्तकें भेंट कर हुआ बच्चों का आत्मीय स्वागत

शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने विद्यालय में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराकर और उपहार स्वरूप पुस्तकें वितरित कर उनका आत्मीय स्वागत किया। विधायक के हाथों दुलार और उपहार पाकर मासूम बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।

प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित, विधायक से मिला मार्गदर्शन

विगत शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बोर्ड एवं वार्षिक परीक्षाओं में बेहतरीन अंक हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विधायक अनुज शर्मा द्वारा मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान विधायक ने उत्कृष्ट अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने बच्चों की आगे की पढ़ाई की योजनाओं और करियर के लक्ष्यों के बारे में जाना तथा जीवन में सफलता के लिए उनका आत्मीय मार्गदर्शन किया।

शिक्षा सपनों की रफ्तार और व्यक्तित्व गढ़ने की प्रयोगशाला: अनुज शर्मा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने छात्र-छात्राओं के हुनर की सराहना करते हुए कहा, “आज बच्चों ने जिस तरह की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी हैं, उसने सच में मेरा दिल जीत लिया है! हमारी संस्कृति हमारी असली जड़ें हैं, जिससे हमें हमेशा जुड़े रहना चाहिए।” उन्होंने कहा कि पढ़ाई में अव्वल रहिए, खेलकूद में आगे रहिए और कला के क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाइए—यही एक सच्चे विद्यार्थी का संपूर्ण और सर्वांगीण विकास है। शिक्षा ही किसी भी समाज और देश की प्रगति का आधार है। नया शैक्षणिक सत्र सिर्फ किताबों के नए पन्नों को पलटने का नाम नहीं है, बल्कि यह आपकी उम्मीदों, सपनों और नई सफलताओं की नींव रखने का उत्सव है।

विधायक ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विद्यार्थी जीवन में अनुशासन और निरंतर अभ्यास को ही अपना ध्येय बनाएं। उन्होंने नौनिहालों को आशीर्वाद देते हुए कहा, “आज हमने इस प्रांगण में जो पौधे रोपे हैं, उन्हें सिर्फ मिट्टी में गाड़कर छोड़ना नहीं है। जैसे एक पौधे को पेड़ बनने के लिए खाद, पानी और देखभाल की ज़रूरत होती है, वैसे ही आपको भी बड़ा इंसान बनने के लिए ज्ञान, संस्कार और अनुशासन की ज़रूरत है। आप इस स्कूल के पौधे हैं, और हम सब मिलकर आपको समाज का एक मजबूत वटवृक्ष बनते देखना चाहते हैं।”

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण का बड़ा संदेश देते हुए स्कूल परिसर को हरा-भरा रखने का संकल्प लिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के देशव्यापी आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत विधायक अनुज शर्मा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ मिलकर स्कूल प्रांगण में पौधरोपण किया। इसके साथ ही उन्होंने सभी बच्चों को पर्यावरण को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई और इन पौधों की नियमित देखभाल व सुरक्षा करने का दृढ़ संकल्प भी दिलाया।

ग्राम खौना को 15 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात

शाला प्रवेश उत्सव के इस शुभ अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम खौना के निवासियों और विद्यालय परिवार को बड़ी सौगात दी। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुविधा हेतु विद्यालय परिसर में शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की। इसके साथ ही ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए उन्होंने गांव के मुक्तिधाम विकास एवं सौंदर्यीकरण हेतु 5 लाख रुपए स्वीकृत किए। विधायक की इस बड़ी सौगात पर ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया।

समारोह में क्षेत्रवासियों की रही गरिमामय उपस्थिति

इस भव्य प्रवेश उत्सव में मुख्य अतिथि धरसींवा विधायक अनुज शर्मा , टिकेश्वर मनहरे-अध्यक्ष जनपद पंचायत तिल्दा, चन्द्रकांत साहू अध्यक्ष बंगोली मंडल, मारुतिनंदन वर्मा महामंत्री, जगमोहन साहू उपाध्यक्ष बंगोली मंडल, गिरधारी साहू कोषाध्यक्ष बंगोली मंडल, राजेंद्र विश्वकर्मा महामंत्री विधानसभा मंडल, कुंजलाल वर्मा जनपद पंचायत सदस्य तिल्दा, सरपंच प्रियंका वर्मा, चंद्रशेखर यादव विधायक प्रतिनिधि हाई स्कूल, हेमंत सिंह ठाकुर अध्यक्ष प्रायमरी स्कूल सहित विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, नवप्रवेशी बच्चों के जागरूक अभिभावक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों एवं स्कूल प्रबंधन ने विधायक अनुज शर्मा के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए इन जनहितैषी विकास कार्यों की घोषणा का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

देहरी खेड़ापति हनुमान मंदिर में आज मनाई जाएगी राधारानी जन्माष्टमी     |     रायसेन दरगाह शरीफ पर उर्स की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने की बैठक     |     प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर नगर परिषद, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया श्रमदान     |     राधा अष्टमी पर श्रीजी मंदिर में गूंजेंगे राधा-कृष्ण के भजन, प्राकट्य महोत्सव पर भजन संध्या का आयोजन     |     मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत एसडीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं,विभिन्न संस्थाओं का किया निरीक्षण     |     जिला पंचायत उपचुनाव, लक्ष्मण सिंह लोधी तीर कमान और पूजा चौकसे दो पत्ती चुनाव चिन्ह लेकर उतरे चुनाव मैदान में      |     मंडीदीप रेलवे लाइन पर अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल मिला, सिर में लगी चोट     |     वनमाली शिक्षक सम्मान 2026 में रायसेन जिले के शिक्षकों को किया सम्मानित     |     दीवानगंज में 10 लाख के जेवरात की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, बेटी और उसके दोस्त गिरफ्तार     |     कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने स्वास्थ्य केंद्र मुड़िया खेड़ा का किया निरीक्षण     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811