महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के विधायक लक्ष्मण जगताप का 59 साल की उम्र में निधन हो गया। वह कैंसर से पीड़ित थे। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि लक्ष्मण जगताप का लंबे समय से इलाज चल रहा था। जगताप पुणे के चिंचवाड़ से विधायक थे। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने यहां एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा विधायक के निधन पर शोक जताया। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि महाराष्ट्र के विधायक लक्ष्मण जगताप के निधन से दुखी हूं। उन्होंने लोक कल्याण और पुणे व उसके आसपास के इलाकों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
भाजपा विधायक लक्ष्मण जगताप के निधन पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और अन्य नेताओं ने दुख जताया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लक्ष्मण जगताप की मौत को दिमाग सुन्न करने वाला करार दिया, जबकि डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इसे दिल को झटका देने वाला बताया।
भाजपा ने एक पखवाड़े के भीतर राज्य से दो विधायक खो दिए हैं। 22 दिसंबर को पुणे की कस्बा सीट से पार्टी विधायक मुक्ता तिलक का निधन हो गया था। जगताप चिंचवाड़ विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं। अपनी बीमारी के बावजूद, जगपत ने पिछले साल जून में राज्यसभा और महाराष्ट्र विधान परिषद चुनावों के दौरान वोट डालने के लिए पुणे से मुंबई की यात्रा की थी, जिससे उन्हें राजनीतिक हलकों में काफी प्रशंसा मिली।
सीएम शिंदे ने जगताप के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र की बेहतरी के लिए लगातार काम किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता फडणवीस ने भी शोक व्यक्त किया और उन्हें याद किया कि कैसे जगताप पिछले साल राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के दौरान मतदान करने के लिए पीपीई किट पहनकर राज्य विधानमंडल में आए थे। जगताप और तिलक ने तबीयत खराब होने के बावजूद वोट डालने के लिए तारीफें बटोरी थीं। भाजपा ने दोनों चुनावों में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले महा विकास अघाड़ी से एक-एक सीट छीनी थी।
फडणवीस ने कहा जगताप के निधन से पार्टी को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। एक मेयर और विधायक के रूप में, उन्होंने विकास की प्रक्रिया में बहुत योगदान दिया। लक्ष्मणभाऊ जगताप के निधन का समाचार बहुत दुखद और हृदय विदारक है। मैं उन्हें अपना विनम्र सम्मान देता हूं। उन्होंने कहा कि मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनके परिवार, चाहने वालों और दोस्तों को यह दुख सहने की शक्ति दे।
महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि 15 दिनों में पार्टी के लिए यह दूसरी दुर्भाग्यपूर्ण खबर है। उन्होंने कहा कि तिलक के निधन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यह दूसरा झटका है। हम सभी एक परिवार की तरह रहते हैं और जगताप का जाना परिवार के किसी सदस्य को खोने जैसा है।
वहीं राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता अजीत पवार ने भी जगताप के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने लोगों के मुद्दों को दूर करने के लिए लगन से काम किया। पवार ने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक जीवन में जगताप के काम को हमेशा याद किया जाएगा और उन्होंने पिंपरी-चिंचवाड़ शहर के विकास में बहुत योगदान दिया।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.