छात्रों ने किए गुरुओं से चित्रकारी पर प्रश्न, बौद्ध भिक्षुओं ने भी सिखाई बौद्ध चित्रकारी, चित्रकारी कार्यशाला का तीसरा दिन
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
साँची बौद्ध भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में आयोजित चित्रकला कार्यशाला स्पिरिचुएल स्ट्रोक्स के तीसरे दिन छात्रों ने “मांडना” चित्रकारी सीखी। मध्य प्रदेश में भारतीय परंपरा की यह चित्रकारी मांडना कहलाती है जिसमें घरों में लोग लीपने के साथ सफेद रंग की उभरती बॉर्डर बनाते थे।
इंडियन म्यूज़ियम कोलकाता के वरिष्ठ आर्टिस्ट शुभेंदु बिस्वास और अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय के चित्रकारी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अमित सोनी ने छात्रों को मांडना चित्रकारी की बारीकियां सिखाईं। मांडना चित्रकारी को पश्चिम बंगाल, उड़ीसा में अल्पना बिहार, मधुबनी में अरिपन कहा जाता है।

पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और बिहार में ये सफेद रंग चावल के आटे में दूध मिलाकर हासिल किया जाता था जिसके माध्यम से प्रकृति के समस्त जीवों को प्रदर्शित किया जाता है। जबकि मध्य प्रदेश में इसे कढ़िया मिट्टी(छुई मिट्टी) से मांडना किया जाता है। डॉ. अमित सोनी ने बताया कि राजस्थान में इसे गेरू से किया जाता है और गुजरात के कच्छ में दीवारों और फर्श पर सफेद रंग से उकेरने के साथ-साथ आइने के टुकड़े लगाए जाते हैं। श्री शुभेंदु बिस्वास ने बताया कि दक्षिण भारत में भी मांडना चावल के आटे से ही की जाती है। समस्त एशिया की मांडना चित्रकारी को इंदिरा गांधी मानव संग्रहालय, जनजातिय संग्रहालय और राज्य संग्रहालय, भोपाल में देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि रंगोली भी मांडना का ही एक स्वरूप है।

कार्यशाला के तीसरे दिन छात्रों ने चित्रकारी विशेषज्ञों से सवाल जवाब किए और अपनी जिज्ञासाओं के बारे में जाना। बौद्ध भिक्षुओं ने बौद्ध काल की कैलीग्राफी(लेखनी) को प्रदर्शित किया और वे क्या जानकरी दे रही हैं उनके बारे में सभी को बताया। तीसरे दिन आयोजित किए गए तीनों आयोजनों का छात्रों ने भरपूर लाभ उठाया।
सांची विश्वविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय कार्यशाला में अंतिम दिवस इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के विज़ुअल आर्ट्स विभाग के निदेशक प्रो. लक्ष्मण प्रसाद बुद्ध और बुद्ध की शिक्षाओं पर आधारित चित्रकारी की बारीकियों से छात्रों को अवगत कराएंगे। कार्यशाला का समापन भी कल होगा।