28 और 29 नवंबर को दो-दो मिनट रुकेंगी ट्रेनें
74वें चेतियागिरी विहार समारोह में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
मध्य प्रदेश के सांची में आयोजित होने वाले 74वें चेतियागिरी विहार समारोह में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। समारोह में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने सांची रेलवे स्टेशन पर छह एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें निर्धारित तारीखों में सांची स्टेशन पर दो-दो मिनट रुकेंगी। रेलवे की यह सुविधा 28 और 29 नवंबर को उपलब्ध रहेगी।
रेलवे के इस फैसले से दिल्ली, चेन्नई, अमृतसर, कोरबा, भोपाल और ग्वालियर की ओर से आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का सांची स्टेशन पर ठहराव होने से श्रद्धालु आसानी से समारोह स्थल तक पहुंच सकेंगे। इससे यात्रियों को दूसरे स्टेशनों पर उतरकर सड़क मार्ग से सांची आने की परेशानी भी कम होगी।
इन छह ट्रेनों को मिलेगा अस्थायी ठहराव
रेलवे के अनुसार, चेन्नई-नई दिल्ली, नई दिल्ली-चेन्नई, कोरबा-अमृतसर और अमृतसर-कोरबा एक्सप्रेस को 27 और 28 नवंबर को यात्रा प्रारंभ करने की तारीख के आधार पर सांची स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। वहीं भोपाल-ग्वालियर और ग्वालियर-भोपाल एक्सप्रेस 28 और 29 नवंबर को सांची स्टेशन पर दो मिनट रुकेंगी।
लंबे समय से हो रही थी ट्रेनों के ठहराव की मांग
सांची रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी। चेतियागिरी विहार समारोह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे की इस विशेष व्यवस्था से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेनों की तारीख और सांची स्टेशन पर आगमन-प्रस्थान का समय जरूर जांच लें।