ऊर्जा मंत्री के प्रभार वाले शिवपुरी में बिजली कंपनी की मनमानी! स्मार्ट मीटर के नाम पर जबरन बदलाव थोपने का आरोप
– गांधी कॉलोनी में छह महीने पुराने मीटर को बदलने पहुंचे बिजली कर्मचारी, कंपनी के विरोध में सड़क पर बैठे उपभोक्ता
– बिजली कंपनी से उपभोक्ताओं का सीधा सवाल – यह कैसी तानाशाही एवं जबरदस्ती है
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
ऊर्जा मंत्री के प्रभार वाले शिवपुरी जिले में बिजली कंपनी की मनमानी सामने आई है। स्मार्ट मीटर के नाम पर जबरन बदलाव थोपने का आरोप लगाते हुए उपभोक्ताओं ने जमकर विरोध किया।
मामला गांधी कॉलोनी का है, जहां बिजली कर्मचारी छह महीने पुराने मीटर को बदलने पहुंचे। उपभोक्ताओं का कहना है कि अभी छह महीने पहले ही नया मीटर लगा था, जो पूरी तरह सही चल रहा है। फिर भी कंपनी बिना किसी ठोस कारण के उसे बदलकर स्मार्ट मीटर लगाने पर अड़ी हुई है।
इस जबरन बदलाव के विरोध में उपभोक्ता सड़क पर बैठ गए और बिजली कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की। उपभोक्ताओं ने साफ कहा कि जब पुराना मीटर सही है तो उसे बदलने की क्या जरूरत है? उन्होंने बिजली कंपनी से सीधा सवाल किया कि यह कैसी तानाशाही एवं जबरदस्ती है?

उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद बिल ज्यादा आने की शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे में कंपनी उनकी मर्जी के बिना मीटर नहीं बदल सकती। लोगों ने मांग की है कि जब तक पूरी जानकारी नहीं दी जाती और उपभोक्ता की सहमति नहीं होती, तब तक जबरन स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं।
मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। उपभोक्ताओं के विरोध के बाद बिजली कर्मचारी बिना मीटर बदले वापस लौट गए।