मुनि संघ की होगी मंगल देशना
सागर। आचार्य श्री विद्यासागर महाराज का 55वां आचार्य पदारोहण दिवस 26 नवंबर को कटरा नमक मंडी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम निर्यापक श्रमण मुनि श्री अभय सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में आयोजित होगा।
मुकेश जैन ढाना ने बताया कि आयोजन की शुरुआत सुबह 7 बजे अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ होगी। इसके बाद ब्रह्मचारी संजीव भैया कटंगी के निर्देशन में आचार्य छत्तीसी विधान का आयोजन किया जाएगा। विधान के माध्यम से श्रद्धालु आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के गुणों का स्मरण कर उनके प्रति अपनी विनयांजलि अर्पित करेंगे।
विधान के समापन के बाद मुनि संघ की मंगल देशना होगी, जिसमें धर्म, संयम और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया जाएगा।
श्री पार्श्वनाथ मंदिर कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष आशीष जैन चैनपुरा, कार्याध्यक्ष तरुण जैन कोयला, मंत्री सपन जैन एवं उपाध्यक्ष मनीष नायक ने सकल जैन समाज के श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।