सरकारी स्कूलों में अर्धवार्षिक परीक्षाओं का दौर शुरू, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी दे रहे परीक्षा
1 दिसंबर तक चलेगी परीक्षाएं
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड अंतर्गत आने वाले पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीवानगंज, पीएम श्री हाई स्कूल सेमरा सहित क्षेत्र के शासकीय स्कूलों में इन दिनों कक्षा 9वीं से 12वीं तक की अर्धवार्षिक परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा को लेकर स्कूलों में सुबह से ही विद्यार्थियों की चहल-पहल दिखाई दे रही है। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार अलग-अलग कक्षाओं की परीक्षाएं दो पालियों में हो रही हैं।
कक्षा 9वीं और 10वीं की परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक, जबकि कक्षा 11वीं और 12वीं की परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा में विद्यार्थी अपनी तैयारी के अनुसार प्रश्नों के उत्तर लिख रहे हैं।
अर्धवार्षिक परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन किया जा रहा है। परीक्षा 1 दिसंबर तक चलेंगी। इसके बाद कक्षा 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी शुरू होगी।

संशोधित टाइम टेबल के अनुसार हो रही परीक्षाएं
माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से 30 सितंबर को परीक्षा का टाइम टेबल जारी किया गया था। पहले कक्षा 9वीं और 10वीं की परीक्षाएं 30 नवंबर तक प्रस्तावित थीं, लेकिन संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब परीक्षाएं 1 दिसंबर तक आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्री-बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करनी होगी।