25 अक्टूबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान नीलगढ़ पहुंचे थे
रायसेन। मध्य प्रदेश के रातापानी टाइगर रिजर्व के संवेदनशील वन क्षेत्र में रात के समय ढोल-डीजे बजाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। रायसेन जिले के नीलगढ़ गांव में विस्थापन से पहले आयोजित कार्यक्रम में रातभर तेज आवाज में ढोल-डीजे बजाए जाने को लेकर वन्यजीव संरक्षण और वन विभाग के नियमों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में वन्यजीव संरक्षणकर्ता अजय दुबे की शिकायत के बाद वन विभाग ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। भोपाल वृत्त के वन संरक्षक को तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, 24 अक्टूबर को नीलगढ़ गांव में विस्थापन से पहले एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यह गांव रातापानी टाइगर रिजर्व के संवेदनशील क्षेत्र में आता है। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान रात के समय ढोल-डीजे बजाए गए। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि वन्यजीवों की आवाजाही और उनके प्राकृतिक रहवास के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र में देर रात तक तेज ध्वनि वाले आयोजन की अनुमति कैसे दी गई और क्या इस दौरान निर्धारित नियमों का पालन किया गया?
इस मामले को वन्यजीव संरक्षणकर्ता अजय दुबे ने गंभीरता से उठाते हुए वन विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद विभाग ने जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भोपाल वृत्त के वन संरक्षक को तीन दिन में तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
विस्थापन के कार्यक्रम में शामिल हुए थे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान
गौरतलब है कि 25 अक्टूबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान नीलगढ़ पहुंचे थे। उन्होंने विस्थापन की प्रक्रिया से गुजर रहे आदिवासी परिवारों से मुलाकात कर उनके निर्णय और त्याग की सराहना की थी। इस दौरान वे पारंपरिक सहरा लहंगी डंडा प्रतियोगिता में भी शामिल हुए थे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि नीलगढ़ और धुंधवानी के ग्रामीणों ने जंगलों और वन्यप्राणियों के संरक्षण के लिए अपना घर-गांव छोड़ने का निर्णय लिया है। यह सामान्य त्याग नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति उनके समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने आदिवासी परिवारों के इस फैसले को दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम किया था।
जनजातीय संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए थे जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान ग्रामीणों के साथ जनजातीय संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए थे। उन्होंने पारंपरिक लोकनृत्य में भी भाग लिया था। इस अवसर पर भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा, विधायक रमाकांत भार्गव, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे थे।
संरक्षण के दावों के बीच आयोजन पर उठे सवाल
इस पूरे मामले ने एक अहम सवाल खड़ा कर दिया है। एक ओर आदिवासी परिवारों के विस्थापन को जंगल और वन्यप्राणियों के संरक्षण की दिशा में बड़ा त्याग बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर उसी संवेदनशील वन क्षेत्र में रात के समय ढोल-डीजे बजाने की शिकायत सामने आई है।
अब निगाहें वन विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। जांच में यह स्पष्ट होना है कि आयोजन के दौरान ध्वनि संबंधी और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े नियमों का उल्लंघन हुआ या नहीं। यदि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई की जाएगी, यह भी देखना महत्वपूर्ण होगा।