भवानी चौक पर वर्षों से खंडहर बना भवन, बारिश में टूटकर गिर चुके हैं कबेलू
आसपास कचरे का अंबार, ग्रामीणों ने की भवन गिराने की मांग
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के ग्राम दीवानगंज में गांव के बीचोंबीच स्थित जर्जर यूनानी औषधालय भवन अब ग्रामीणों के लिए खतरे का सबब बन गया है। भवानी चौक स्थित रामजानकी मंदिर के पास बना यह पुराना भवन वर्षों से खंडहरनुमा हालत में खड़ा है। भवन की कमजोर हो चुकी दीवारें और छत कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। इसके बावजूद जिम्मेदारों द्वारा अब तक इसे हटाने या सुरक्षित करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

बारिश में टूटकर गिर चुके हैं छत के कबेलू
ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के दौरान भवन की छत पर लगे अंग्रेजी कबेलू टूटकर अंदर गिर गए थे। गनीमत रही कि उस समय भवन के भीतर कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। भवन की हालत लगातार खराब होती जा रही है। आसपास घनी आबादी होने के कारण यहां रहने वाले परिवारों को हमेशा अनहोनी का डर बना रहता है। रात के समय बच्चे और ग्रामीण भी अनजाने में भवन के आसपास पहुंच जाते हैं।
भवन परिसर बना कचरा घर, गंदगी से परेशान रहवासी
स्थानीय निवासी मनमोहन साहू, संदीप नायक, रवि कुशवाह और राजन मालवीय सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पुराना यूनानी औषधालय भवन कई वर्षों से इसी जर्जर हालत में गांव के बीच खड़ा है। भवन परिसर में आसपास के लोग कचरा फेंकते हैं, जिससे गंदगी का अंबार लग गया है। यहां मक्खी-मच्छरों के साथ आवारा पशुओं का जमावड़ा भी लगा रहता है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने की भवन गिराने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर भवन की स्थिति का निरीक्षण करे और इसे तत्काल सुरक्षित तरीके से जमीनदोज कराया जाए। साथ ही परिसर में जमा कचरे को हटवाकर नियमित सफाई कराई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
दीवानगंज सरपंच गिरजेश नायक ने बताया कि पुराना यूनानी औषधालय भवन जर्जर अवस्था में खड़ा है। मोहल्ले के लोग वहां कचरा फेंकते हैं, जिससे गंदगी और आवारा पशुओं की समस्या बनी रहती है। यदि इस स्थान पर नया भवन बनाया जाए तो ग्रामीणों को काफी सुविधा मिल सकती है।