राष्ट्रीय स्तर की किक बॉक्सिंग गोल्ड मेडलिस्ट प्रिया सासनया हुईं शामिल विधायक देवेंद्र पटेल ने नारायणपुर में प्रतिमा स्थापना की घोषणा कर छात्र-छात्राओं को दिए 11 हजार रुपये
सिलवानी रायसेन।सिलवानी और बेगमगंज मे भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर बेगमगंज से लेकर सिलवानी तहसील के ग्राम नारायणपुर तक आदिवासी समाज में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा। आयोजनों में राष्ट्रीय स्तर की किक बॉक्सिंग गोल्ड मेडलिस्ट प्रिया सासनया सहित जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने सहभागिता करते हुए शिक्षा संस्कार सामाजिक एकता और स्वाभिमान का संदेश दिया।

बेगमगंज में सर्व आदिवासी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नन्हीं बालिकाओं निविता गोंड और सुआरती ने शिक्षा के महत्व पर प्रभावशाली उद्बोधन दिया। वहीं बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक लोकनृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बाबा नीलमणि शाह ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को याद करते हुए कहा कि वे आदिवासी समाज के स्वाभिमान संघर्ष और अधिकारों के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज को शिक्षा, एकता और जागरूकता को प्राथमिकता देनी चाहिए। साथ ही अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने का आह्वान किया।

सिलवानी तहसील के ग्राम नारायणपुर में भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में सिलवानी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल शामिल हुए। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और उनके संघर्ष को याद किया। इस दौरान विधायक ने ग्राम नारायणपुर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा की। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शानदार प्रस्तुतियां देने वाले छात्र छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए 11 हजार रुपये की नगद राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की।