सी के पारे मंडीदीप रायसेन
नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का संदेश देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, रायसेन द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत 9वें सप्ताह के अवसर पर मंडीदीप के मंडी ग्राउंड में क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में युवाओं ने कबड्डी, रस्साकशी (टग ऑफ वॉर) एवं एथलेटिक्स सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ भाग लिया। खेल मैदान पर युवाओं ने अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।

आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई।
आयोजकों ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।