– विशेष ग्राम सभा का हुआ आयोजन, आदिवासी समाज ने निकाली भव्य रैली
– बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को किया याद
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़ी में रविवार को जनजातीय समाज के गौरव एवं महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत कार्यालय में विशेष ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष, सामाजिक चेतना, जनजातीय अधिकारों की रक्षा तथा देश की आजादी के आंदोलन में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत गढ़ी के सरपंच सैयद मसूद अली पटेल, पूर्व सरपंच भागचंद चौरसिया, चौकी प्रभारी आरपी गोहे, समाजसेवी मोहनलाल जाटव, पंचायत सचिव बृजमोहन जाटव, आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष हरज्ञान भलावी, रतन आदिवासी, मिश्री आदिवासी, परसराम आदिवासी, सरवन प्रजापति सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
वहीं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर क्षेत्र के आदिवासी समाज द्वारा कढ़ैया पेट्रोल पंप से महावली मंदिर परिसर तक भव्य रैली निकाली गई। रैली में गोंड समाज सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, आदर्शों और समाज के उत्थान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया।

कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत कार्यालय में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें जनजातीय समाज के गौरव भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाने तथा समाज के विकास और जागरूकता के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया गया।