– 17 नवंबर को गौ-पूजन, सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन, सुबह 9 बजे से शुरू होंगे कार्यक्रम
गौमाता की सेवा, संरक्षण और संवर्धन का संदेश देगा गोपाष्टमी महोत्सव
– श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
– सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले की ग़ैरतगंज तहसील की ग्राम पंचायत गढ़ी में गोपाष्टमी के पावन अवसर पर कामधेनु गौशाला कल्याण समिति द्वारा मंगलवार, 17 नवंबर को वृंदावन कामधेनु गौशाला परिसर में भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर गौशाला परिसर में तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में गौमाता का विधि-विधान से पूजन, सुंदरकांड पाठ तथा विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
कामधेनु गौशाला कल्याण समिति के प्रमुख इंद्रेश कुमार दीक्षित ने बताया कि गोपाष्टमी पर्व भारतीय संस्कृति में गौमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा और संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है। इसी उद्देश्य से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गौशाला परिसर में धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे गौ-पूजन एवं सुंदरकांड पाठ के साथ होगी। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से भंडारा प्रसादी एवं स्नेहभोज प्रारंभ होगा, जो शाम 5 बजे तक चलेगा।
उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में विशेष स्थान रखती हैं। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज की नैतिक जिम्मेदारी भी है। गौवंश का संरक्षण, संवर्धन और बेसहारा गोवंश की सेवा के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए।
समिति द्वारा गौशाला के सहयोगियों, धर्मप्रेमियों एवं समस्त श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे गोपाष्टमी के इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता करें तथा गौमाता की सेवा एवं संरक्षण का संकल्प लें।