एसडीएम ने फायर ब्रिगेड से बुझवाई आग, बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट चल रहे हार्वेस्टर को थाने में खड़ा कराने के निर्देश
हाईवे-18 के आसपास कई गांवों में खुलेआम जल रही नरवाई
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 के आसपास खेतों में पराली जलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सेमरा, अंबाड़ी, बेरखेड़ी, छोला, कौसाखेड़ी, नरखेड़ा, सरार और बालमपुर सहित कई गांवों में किसान फसल कटाई के बाद बची नरवाई को आग के हवाले कर रहे हैं। सुबह और शाम खेतों से उठने वाले धुएं के गुबार आसपास के गांवों और हाईवे तक फैल रहे हैं। इससे जहां वायु प्रदूषण बढ़ रहा है, वहीं मिट्टी की उर्वरा शक्ति और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। हालांकि अब प्रशासन ने समझाइश के बाद सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है।
पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए एसडीएम मनीष शर्मा ने पिछले दो दिनों में सामने आए मामलों में तत्काल फायर ब्रिगेड बुलवाकर आग बुझवाई। साथ ही संबंधित लोगों को दोबारा पराली नहीं जलाने की सख्त हिदायत दी। एसडीएम ने चेतावनी दी है कि दोबारा ऐसी घटना मिलने पर आग बुझाने में हुए खर्च और शासकीय कर्मचारियों के श्रम की लागत संबंधित व्यक्ति से नियमानुसार अर्थदंड के रूप में वसूली जाएगी। इसके बावजूद निर्देशों का उल्लंघन करने पर एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
इसी क्रम में भोपाल-विदिशा हाईवे-18 के तिराहे पर बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम के चल रहे हार्वेस्टर को थाने में खड़ा कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि अब नरवाई जलाने और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती की तैयारी है।

125 गांव चिह्नित, 23 में पांच से अधिक घटनाएं
एसडीएम मनीष शर्मा ने बताया कि रायसेन तहसील में पराली जलाने की दृष्टि से 125 हॉटस्पॉट गांव चिह्नित किए गए हैं। इनमें 23 गांव ऐसे हैं, जहां पूर्व में पांच से अधिक बार पराली जलाने की घटनाएं हो चुकी हैं। चिरहोली, चांदना, बनगंवा और उचेर को अत्यधिक संवेदनशील गांवों की श्रेणी में रखा गया है। ग्राम स्तर पर पराली प्रबंधन समितियां भी गठित की गई हैं, जिनके माध्यम से किसानों को फसल अवशेष नहीं जलाने और उनका उचित प्रबंधन करने के लिए समझाइश दी जा रही है।
प्रतिबंध के बावजूद खेतों में उठ रहीं आग की लपटें
दूसरी ओर हाईवे-18 के आसपास के गांवों में पराली जलाने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। कई स्थानों पर खेतों में आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई देती हैं। रात और सुबह के समय धुएं के गुबार दूर तक फैल जाते हैं। हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय रहवासियों को भी इसका सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन के प्रतिबंध और जमीनी स्तर पर हो रही निगरानी की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।
पराली जलाने से मिट्टी और पर्यावरण को नुकसान
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार फसल अवशेष जलाने से मिट्टी में मौजूद जैविक पदार्थ और लाभकारी सूक्ष्मजीव प्रभावित होते हैं। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति कमजोर होने का खतरा रहता है। इसके अलावा धुएं से वायु प्रदूषण बढ़ता है और आसपास रहने वाले लोगों को सांस संबंधी परेशानी हो सकती है।

पराली जलाने के बजाय उससे जैविक खाद, वर्मी कंपोस्ट और भू-नाडेप खाद तैयार की जा सकती है। कल्टीवेटर, रोटावेटर और डिस्क हैरो की मदद से फसल अवशेषों को मिट्टी में मिलाया जा सकता है। वहीं बेलर मशीन से नरवाई के गठ्ठर बनाकर उसका संग्रहण किया जा सकता है, जिसका उपयोग पशुचारे और अन्य कार्यों में किया जा सकता है।
बेलर की उपलब्धता के लिए संपर्क नंबर जारी
एसडीएम ने किसानों को बेलर मशीन की उपलब्धता संबंधी जानकारी भी दी है। उन्होंने बताया कि बेलर मिलने में परेशानी होने पर किसान शिवम से मोबाइल नंबर 8871906227 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे खेतों में नरवाई नहीं जलाएं और उपलब्ध मशीनों की मदद से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करें।
अब देखना यह है कि प्रशासन की सख्ती और कार्रवाई का असर हाईवे-18 के आसपास के गांवों में कितना दिखाई देता है और खेतों में खुलेआम जल रही नरवाई पर कब तक प्रभावी रोक लग पाती है।