हजारों CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
10 टीमों ने दिन-रात एक कर जुटाए सुराग; मुंशी पदम सिंह का भोपाल में चल रहा इलाज
पुलिस महानिरीक्षक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर करेंगे मामले का खुलासा
रायसेन। कृषि उपज मंडी रायसेन में गल्ला व्यापारी मनोज राठौर की दुकान पर हुई करीब 20 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तीन-चार दिनों तक लगातार दिन-रात की गई मशक्कत के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपियों को पकड़ लिया है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी गिरफ्तारी और बरामदगी को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की करीब 10 टीमों को जांच में लगाया गया था। इन टीमों ने शहर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए।
हैरानी की बात यह रही कि वारदात के दौरान घटनास्थल से DVR कैमरे का फुटेज उपलब्ध नहीं होने और शुरुआती स्तर पर कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगने के बावजूद पुलिस ने हार नहीं मानी। लगातार जांच, संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल और अलग-अलग स्थानों के CCTV फुटेज की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
गौरतलब है कि कृषि मंडी स्थित गल्ला व्यापारी मनोज राठौर की दुकान पर बदमाशों ने धावा बोलकर वहां मौजूद मुंशी पदम सिंह यादव को बंधक बनाया था और उनके साथ मारपीट कर करीब 20 लाख रुपए की नकदी लूटकर फरार हो गए थे। हमले में घायल मुंशी पदम सिंह का भोपाल में उपचार जारी है।
इस बड़ी वारदात के खुलासे के बाद अब पुलिस की आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सभी की नजरें टिकी हैं। संभावना जताई जा रही है कि नर्मदापुरम रेंज के आईजी इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम, आरोपियों की गिरफ्तारी और लूट की रकम की बरामदगी को लेकर जानकारी दे सकते हैं।
रायसेन कृषि मंडी में हुई इस वारदात ने व्यापारियों में दहशत पैदा कर दी थी। अब आरोपियों के पकड़े जाने से मामले की जांच को अहम दिशा मिली है।

बताया जा रहा हे कि आरोपी शिवा गौर समीप के गांव बनगवा के निवासी हे। और मंडी में ही मनोज राठौर के यहां कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करते हे। शिवा गौर ने अपने साले घनश्याम कीर के साथ मिलकर बारदात को अंजाम दिया।शिवा गौर बंनगवा में रहता हे जबकि उसका साला घनश्याम कीर रायसेन में रहता हे।शिवा ने किर समाज में लवमैरिज की हे।