रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शहर के बड़ौदी क्षेत्र में नगर पालिका के ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास रखे सिंध जलावर्धन योजना के पुराने जीआई पाइपों में बुधवार शाम अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि उससे उठा धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि इन पाइपों में जानबूझकर आग लगाई गई है ताकि सबूत या सामग्री को नष्ट किया जा सके।
गौरलतब है कि सिंध जलावर्धन योजना के शुरुआती पाइपों में कथित भ्रष्टाचार सामने आने के बाद उन्हें उखाड़कर नए पाइप बिछाए गए थे। बाद में एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) के निर्देश पर जंगलों से इन पुराने पाइपों को हटवाकर ट्रेंचिंग ग्राउंड में रखवाया गया था। घटना की सूचना मिलने पर चौकीदार की जानकारी पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। नगर पालिका के एसआई योगेश शर्मा ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, और मामले की जांच की जा रही है।