रंजीत गुप्ता शिवपुरी
जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं की एक और लाचारी सामने आई, जब बुधवार रात प्रसूता को समय पर व्हीलचेयर और स्ट्रेचर नहीं मिलने पर परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया। पोहरी स्वास्थ्य केंद्र से रेफर की गई रानी नामदेव को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद भी वह करीब 15 मिनट तक एंबुलेंस में ही दर्द से तड़पती रहीं।
परिजनों का आरोप है कि प्रसूता को अंदर ले जाने के लिए न तो कोई वार्ड बॉय आया और न ही गेट पर व्हीलचेयर की व्यवस्था थी। जब परिजनों ने एक महिला वार्ड बॉय से मदद मांगी, तो उन्हें खुद अंदर से व्हीलचेयर लाने के लिए कहा गया, जिससे नाराज होकर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। लगभग आधे घंटे तक चले इस विवाद के बाद वार्ड बॉय मौके पर पहुंचे और प्रसूता को अंदर ले जाकर भर्ती कराया। सिविल सर्जन डॉ. आरपी सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।