एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों की जान जोखिम में, स्कूल जाने वाले बच्चों पर भी खतरा; पहले भी हो चुके हैं हादसे
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत दीवानगंज रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण सात साल से अधिक समय बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। निर्माण कार्य की धीमी गति का खामियाजा आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि रोजाना ग्रामीणों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को अपनी जान जोखिम में डालकर रेलवे की पटरियां पार करनी पड़ती हैं। व्यस्त रेलमार्ग पर ट्रेनों की लगातार आवाजाही के बीच यह लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसके बावजूद फुट ओवरब्रिज का निर्माण अधूरा पड़ा है।
विडंबना यह है कि कुछ दिन पहले ही रेलवे की पटरियां पार करते समय एक विद्यार्थी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। इससे पहले भी पटरी पार करते समय कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
बुधवार को भी केमखेड़ी मार्ग पर एक बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आने से मौत का मामला सामने आया। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

एक दर्जन गांवों के लोगों को रोजाना परेशानी
दीवानगंज रेलवे स्टेशन से होकर केमखेड़ी, घोड़ाचौक, पिपरई, कालीटोर, सत्ती, मुनारा सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीण भोपाल, विदिशा, सांची, सलामतपुर और दीवानगंज सहित अन्य स्थानों पर आने-जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। फुट ओवरब्रिज अधूरा होने के कारण लोगों को रेलवे लाइन पार करके जाना पड़ता है। रोजाना 200 से अधिक मोटरसाइकिल रेल की पटरिया पार कर ले जाना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले रेल की पटरिया पार करते समय एक मोटरसाइकिल ट्रेन की चपेट में आ गई थी वह तो गनीमत रही कि चालक मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गया था नहीं तो वह ट्रेन की चपेट में आ सकता था।
सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली विद्यार्थियों को होती है। कई बच्चे रोजाना रेलवे ट्रैक पार करके पीएम श्री हाई स्कूल सेमरा और पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीवानगंज पहुंचते हैं। इन सभी विद्यार्थियों को रोजाना आने-जाने में रेल कि पटरिया पार करना मजबूरी बन गई है। वहीं, बीमार लोगों और गर्भवती महिलाओं को भी इसी जोखिम भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। भोपाल से बीना की ओर जाने वाली ट्रेनों की लगातार आवाजाही के कारण यहां हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

फाटक बंद, अंडरपास में छह महीने तक भरा रहता है पानी
ग्राम अंबाड़ी के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग फाटक बंद किए जाने के बाद ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। लोगों को उम्मीद थी कि अंडरपास बनने से आवागमन आसान हो जाएगा, लेकिन बारिश के दौरान अंडरपास में कमर तक पानी भर जाता है। ऐसे में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना तो दूर, पैदल गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, साल में करीब छह महीने तक अंडरपास का रास्ता प्रभावित रहता है। मजबूरी में लोगों को रेलवे पटरियां पार करके आना-जाना पड़ता है।
मुड़ियाखेड़ा और मुस्काबाद के ओवरब्रिज भी अधूरे
रेलवे निर्माण कार्यों की धीमी गति का मामला केवल दीवानगंज तक सीमित नहीं है। मुड़ियाखेड़ा और मुस्काबाद में भी रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कई वर्षों से चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, तीन साल से अधिक समय बीतने के बावजूद दोनों जगह निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग की
सेमरा निवासी मुकेश लोधी, हेमंत लोधी, लक्ष्मण सिंह लोधी, सचिन लोधी, सलमान खान, महेश सिंह लोधी और राहुप खान , जेद खान, अमाल खान सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि दीवानगंज रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण सात साल से अधिक समय से चल रहा है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हुआ। ठेकेदार की धीमी कार्यप्रणाली के कारण आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द फुट ओवरब्रिज शुरू कराने की मांग की है।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
भानु लोधी, सरपंच दीवानगंज स्टेशन सेमरा ने कहा कि रोजाना कई ग्रामीण रेलवे पटरियां पार करके अपने जरूरी कामों के लिए आते-जाते हैं। स्कूली छात्र-छात्राएं भी इसी रास्ते से सेमरा हाईस्कूल और दीवानगंज हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचते हैं। पहले भी पटरी पार करते समय एक विद्यार्थी की मौत हो चुकी है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। रेलवे प्रशासन को गंभीरता से लेते हुए जल्द फुट ओवरब्रिज का निर्माण पूरा कराना चाहिए।
कुंती रमेश कुमार अहिरवार सरपंच अंबाडी ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज नहीं बनने से ग्रामीणों को रोजाना जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है। कल ही अंबाडी निवासी श्यामलाल साहू की मौत रेल कि पटरिया पार करते समय हो चुकी है
अंडरपास में पानी भरने के कारण उसका उपयोग भी नहीं हो पाता। रेलवे प्रशासन को लोगों की परेशानी और सुरक्षा को देखते हुए निर्माण कार्य जल्द पूरा कराना चाहिए।
दीवानगंज सरपंच गिरजेश नायक ने बताया कि रेलवे विभाग द्वारा रेलवे स्टेशन दीवानगंज, मुड़िया खेड़ा, और मुस्काबाद पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है लेकिन कार्य धीमी गति से चल रहा है कि 3 साल बाद भी आधा ही काम हो सका है ऐसे तो 6 साल रेलवे ओवर ब्रिज बनने में लग जाएंगे।