नेशनल हाइवेज़ इंफ्रा ट्रस्ट की सराहनीय पहल,तरपोंगी की 10 छात्राओं को मिली साइकिल, शिक्षा का सफर हुआ आसान
सुरेंद्र जैन धरसीवां
रायपुर-सिमगा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित तरपोंगी टोल प्लाजा ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) का अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। नेशनल हाइवेज़ इंफ्रा ट्रस्ट (NHIT) रायपुर-सिमगा प्रोजेक्ट के तहत CSR कम्युनिटी एंगेजमेंट प्रोग्राम में ग्राम तरपोंगी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 10 जरूरतमंद छात्राओं को नई साइकिलें वितरित की गईं।
लंबी दूरी की बाधा खत्म, शिक्षा में निरंतरता का लक्ष्य
विद्यालय की प्राचार्य द्वारा ऐसी छात्राओं का चयन किया गया था, जिन्हें रोज विद्यालय आने-जाने में कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। इनमें से कुछ छात्राएं छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राएं भी हैं। साइकिल मिलने से अब न केवल उनका समय बचेगा, बल्कि वे नियमित रूप से विद्यालय आकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे पर साफ उत्साह और खुशी देखने को मिली।

यह पूरा कार्यक्रम भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक दिग्विजय सिंह के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर तरपोंगी टोल प्लाजा के प्लाजा मैनेजर बिनायक ढाल, प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह, अकाउंट मैनेजर राम किशोर पांडेय, आईटी मैनेजर मनोज कुमार एवं असिस्टेंट मैनेजर अवनीश चौहान सहित समस्त टोल स्टाफ और विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
यह पहल सिर्फ आवागमन आसान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों को नियमित शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित करने का एक प्रयास है।