संकल्प सेवा अभियान के तहत पीएम श्री स्कूल में सांस्कृतिक गतिविधियां, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
संकल्प सेवा अभियान के अंतर्गत सांची विकासखंड के पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीवानगंज में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के लिए मनोज पवार तथा भाषण प्रतियोगिता के लिए बहादुर सिंह नायक को नोडल शिक्षक नियुक्त किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता एवं विचारों को प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल नंदन तिवारी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं सहभागिता को प्रोत्साहित करते हुए जिला स्तर से पुरस्कार स्वरूप प्रमाण पत्र प्रदान करने की घोषणा की गई। प्रमाण पत्र मिलने की घोषणा से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना रहा।