10 हजार वर्गफीट भूमि से अतिक्रमण हटाकर धरोहर को संरक्षित करने की मांग, आंदोलन की दी चेतावनी
रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
मंडीदीप के वार्ड नंबर 01 स्थित प्राचीन बावड़ी को अतिक्रमण मुक्त कर संरक्षित किए जाने की मांग को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। नगर अध्यक्ष दशरथ मीना के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वार्ड नंबर 01 में स्थित यह प्राचीन बावड़ी नगर की ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण धरोहर है, लेकिन इसके आसपास की करीब 10 हजार वर्गफीट भूमि पर अतिक्रमण किए जाने से बावड़ी का अस्तित्व और स्वरूप प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों द्वारा सत्ता का दबदबा दिखाते हुए शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किया गया है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की जांच कर अतिक्रमण को शीघ्र हटाया जाए तथा बावड़ी की भूमि को सुरक्षित कर उसका संरक्षण किया जाए।
ज्ञापन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर की प्राचीन धरोहरों को सुरक्षित रखना नगर पालिका और प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि जल्द कार्रवाई कर बावड़ी को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया तो कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे को लेकर व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष दीपेश मीना, पूर्व पार्षद अख्तर अली, वीरेंद्र मीना, वरिष्ठ नेता गणेश शर्मा, राधेश्याम चिंतामन, पवन ठाकुर, मनीष मालवीय, जगदीश लोवंशी, सोनू साहू, ज्ञानसिंह पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।