अधूरी सड़क -पुल से 40 गांवों के लोग थे परेशान
शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
सुल्तानगंज – बेगमगंज – हैदरगढ़ -विदिशा 46 किमी लंबा मार्ग निर्माण एजेंसी श्रीजी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. के ठेकेदार एवं एमपीआरडीसी के जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही की भेंट चढ़ गया था। पिछले 3 साल से बेगमगंज से बेरखेड़ी होकर हैदरगढ़ -विदिशा जाने वाला मार्ग बंद पड़ा था।
इस सड़क का हस्तांतरण 20 जुलाई 2025 को होना था लेकिन 13 माह अधिक व्यतीत होने के बाद भी लापरवाह ठेकेदार ने काम पूरा नहीं किया था।
करीब 119 करोड़ की लागत से निर्मित हो रही सड़क की कछुआ चाल ने दर्जनों गांवों का सड़क संपर्क तोड़ दिया था। अधूरी सड़क , निर्माणाधीन पुल , पुलिया एवं अप्रोच मार्ग आज भी अधूरे पड़े होने से यहां के ग्रामवासियों को बहुत लंबा चक्कर लगाकर बेगमगंज मुख्यालय पर आना -जाना पड़ता था।
संवेदनशील एसडीएम प्रियंका भलावी ने पहल करते हुए क्षेत्रीय लोगों की समस्याओं के मद्देनजर आज मौके पर प्रशासनिक अमले एवं एसडीओपी सोनाली गुप्ता , नपाध्यक्ष संदीप लोधी के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किए जाने के पश्चात मार्ग पर काम लगवाकर मार्ग खुलवाने की कवायद शुरू करवा दी है।
आननफानन में अस्थाईतौर पर जेसीबी ओर डंपरों से मुरम , कोपरा डलवाना शुरू करवा दिया है क्योंकि इस समय वर्षाकाल में सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। इस तरफ के करीब 40 गांवों के लोगों को बेगमगंज या हैदरगढ़ , ग्यारसपुर ओर विदिशा आने जाने के लिए 30 किमी का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
एकमात्र अच्छा और सुगम मार्ग होने के बाद भी इस पर समयसीमा में पुल का निर्माण पूरा नहीं किए जाने से पिछले 3 वर्षों से सड़क संपर्क टूटा होने से दर्जनों गांवों के लोग परेशान हो रहे थे जबकि ग्राम बेरखेड़ी पूर्वमंत्री व सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी का गृह ग्राम होने के कारण वो एवं क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र पटेल भी कई बार एमपीआरडीसी के अधिकारियों को फटकार लगा चुके थे लेकिन तीन साल में भी अब तक इतना छोटा पुल निर्माण नही हो सका था।

बेगमगंज सीमा से बेरखेड़ी बरामद गढ़ी से होते हुए माला , गोपालपुर , हैदरगढ़ से विदिशा हाईवे से जुड़ने वाला मार्ग ओर पुल -पुलिया आज भी अधूरे पड़े हैं। पिछले कई माह से काम बंद होने के बाद बीना नदी ईदगाह घाट का पुल बनने से नगर के संकीर्ण मार्ग माला फाटक होकर आवागमन करना पड़ था लेकिन वर्षा में ये मार्ग जलमग्न होने से बंद हो जाता है तो बहुत लंबा चक्कर मानपुर से होकर लगाकर आवागमन करना पड़ रहा था। यदि अधिक वर्षा हो जाए तो वो मार्ग भी बंद हो जाते हैं। तब पूरा क्षेत्र टापू में तब्दील हो जाता है।
4 दिन पहले अत्यधिक वर्षा होने ओर मढ़िया डेम बंद होने से जलभराव के कारण माला फाटक मार्ग दो दिन तक बंद रहा जो आज से खुल गया है।
दो दिन तक इस क्षेत्र के गांव टापू बनकर पानी से चारों ओर से घिरे रहने से इमरजेंसी में मरीजों एवं प्रसूताओं की जान आफत में आ गई थी।
एसडीएम प्रियंका भलावी ने बताया कि बेगमगंज – बेरखेड़ी से हैदरगढ़ तक का एप्रोच रोड़ बेरखेड़ी पुल से होकर कल गुरुवार से चालू कराया जा रहा है। आज से युद्धस्तर पर काम शुरू करवा दिया गया है।जिस पर से अभी दो पहिया वाहनों एवं पैदल यात्रियों की आवाजाही हो जाएगी ओर अगले 3 दिन बाद बड़े 4 पहिया वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।