तारकेश्वर शर्मा बम्होरी रायसेन
सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले को लेकर अब राजनीतिक विरोध तेज हो गया है। घटना के विरोध में रायसेन जिले के बम्होरी कस्बे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा स्वास्थ्य मंत्री जगदीश देवड़ा का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जहरीली शराब से हुई मौतों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जहरीली शराब के कारण कई परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है और ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अवैध और जहरीली शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मामले में जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ की सहायता की मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग भी की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिन परिवारों ने इस घटना में अपने परिजनों को खोया है, उन्हें सरकार की ओर से तत्काल आर्थिक एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता महेंद्र पुरी गोस्वामी, बाबू रजक और युवा कांग्रेस सिलवानी विधानसभा अध्यक्ष विश्वनाथ पटेल सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फिलहाल सागर जिले की जहरीली शराब से जुड़ी घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है। बम्होरी में कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद अब सभी की नजर सरकार और प्रशासन की ओर से मामले में होने वाली आगामी कार्रवाई पर है।