रामभरोस विश्वकर्मा ओबेदुल्लागंज रायसेन
विभिन्न मांगों को लेकर राजधानी भोपाल की ओर कूच कर रहे किसानों का बड़ा जत्था सोमवार को औबेदुल्लागंज और नानाखेड़ी जोड़ पर पहुंच गया।
किसानों के बढ़ते आंदोलन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

किसानों के काफिले को पहले औबेदुल्लागंज टोल प्लाजा पर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आंदोलनरत किसान आगे बढ़ते रहे। इसके बाद नानाखेड़ी जोड़ पर पुलिस द्वारा भारी बैरिकेडिंग कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया।
मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी किसानों से लगातार चर्चा कर उन्हें आगे बढ़ने के बजाय वहीं ज्ञापन सौंपने की अपील करते रहे, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अडिग रहे। आंदोलन के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग पार कर भोपाल की ओर बढ़ने का प्रयास किया।

आंदोलनरत किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। किसानों की प्रमुख मांग मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी एवं तुलाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ किसानों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों का तत्काल निराकरण करना है।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। वहीं, आंदोलन को लेकर पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है।